छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की पुनर्विकास योजनाओं (Re-development) में तेजी, शासन स्तर पर विचार जारी

रायपुर,
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा राज्य के प्रमुख शहरों में आधुनिक और सुव्यवस्थित आवासीय परिसरों के निर्माण हेतु पुनर्विकास योजनाओं पर युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी पहल के अंतर्गत मंडल ने अब तक पाँच महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रस्ताव राज्य शासन को अनुमोदन हेतु प्रेषित किए हैं।

प्रक्रियात्मक प्रगति और तकनीकी तैयारी

        शासन द्वारा प्रस्तावों के सूक्ष्म परीक्षण के दौरान विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन(DPR), निविदा दस्तावेज (RFP)और अन्य तकनीकी जानकारियां मांगी गई थीं। मंडल ने तत्परता दिखाते हुए ये सभी आवश्यक दस्तावेज निर्धारित समय-सीमा के भीतर शासन को उपलब्ध करा दिए हैं। वर्तमान में, शासन के नवीन दिशा-निर्देशों के आधार पर इन प्रस्तावों का पुनर्मूल्यांकन किया जा रहा है, ताकि इन्हें और अधिक आधुनिक एवं जनोपयोगी बनाया जा सके।

परियोजना के लाभ और उद्देश्य

        पुनर्विकास की ये योजनाएं वर्तमान में शासन स्तर पर अंतिम निर्णय की प्रक्रिया में हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से नागरिकों को निम्नलिखित लाभ प्राप्त होंगे। पुराने परिसरों के स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से लैस घर बनाए जा रहे हैं। बेहतर सड़कें, ड्रेनेज सिस्टम और हरित क्षेत्र। नियोजित शहरी विकास शहरों के स्वरूप में व्यापक सुधार और सुव्यवस्थित वातावरण बनायसा जा रहा है।

मंडल की प्रतिबद्धता

       छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल राज्य के नागरिकों को उच्च गुणवत्तापूर्ण आवास और वैश्विक स्तर की शहरी सुविधाएं प्रदान करने के लिए संकल्पित है। मंडल के अनुसार सभी आगामी योजनाओं को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और गति के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ के दिव्यांशु देवांगन ने रचा इतिहास, जूनियर वर्ल्ड कप में विश्व रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड

छत्तीसगढ़ के लाल दिव्यांशु देवांगन ने रचा इतिहास

जूनियर वर्ल्ड कप में बनाया विश्व रिकॉर्ड, जीता स्वर्ण पदक

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने फोन पर दी बधाई, कहा खेल राष्ट्र गौरव का सबसे सशक्त माध्यम

रायपुर
 छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के होनहार अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज दिव्यांशु देवांगन ने वैश्विक पटल पर भारत का परचम लहराया है। मिस्र की राजधानी काहिरा में आयोजित जूनियर वर्ल्ड कप की 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा में दिव्यांशु ने न केवल स्वर्ण पदक जीता, बल्कि एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड भी स्थापित किया है। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का सबसे सशक्त मार्ग है। 

वित्त मंत्री ने दी बधाई पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण

           दिव्यांशु की इस अभूतपूर्व सफलता पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने उन्हें फोन कर व्यक्तिगत रूप से बधाई दी। बातचीत के दौरान उन्होंने इस जीत के महत्व को साझा किया। चौधरी ने कहा कि यह सफलता छत्तीसगढ़ के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। यह साबित करता है कि अटूट संकल्प से इतिहास रचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने खेल को अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास का सर्वश्रेष्ठ शिक्षक बताया। उन्होंने जोर दिया कि खेलों के माध्यम से ही युवा शक्ति अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का मान बढ़ा सकती है।

राज्य सरकार का समर्थन और भविष्य की राह

          वित्त मंत्री ने दिव्यांशु को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि दिव्यांशु भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।

दिव्यांशु ने जताया आभार

         स्वर्ण पदक विजेता दिव्यांशु देवांगन ने वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेशवासियों के स्नेह और निरंतर प्रोत्साहन ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाने की ऊर्जा दी है।

नक्सल प्रतिबंधों के बीच बदली तस्वीर, अबूझमाड़ के ग्रामीण पहली बार बनवाने पहुंचे ड्राइविंग लाइसेंस

नारायणपुर.

कभी नक्सलियों की दहशत, बंदूक की छाया और बाहरी दुनिया से कटे रहने के लिए पहचाना जाने वाला अबूझमाड़ अब धीरे-धीरे बदलाव की नई कहानी लिख रहा है। जिन गांवों में वर्षों तक मोबाइल रखना, सरकारी दस्तावेज बनवाना और प्रशासन से संपर्क रखना तक गुनाह माना जाता था, वहां अब ग्रामीण खुद आगे बढ़कर ड्राइविंग लाइसेंस बनवा रहे हैं।

नारायणपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे माड़ मैत्री अभियान के तहत जिला मुख्यालय में आयोजित ड्राइविंग लाइसेंस शिविर में यह बदलाव साफ तौर पर देखने को मिला। शिविर में 300 से अधिक ग्रामीण पहुंचे, जिनमें अबूझमाड़ के दूरस्थ गांवों के लोग और आत्मसमर्पित नक्सली भी शामिल रहे। शिविर की सबसे खास तस्वीर तब सामने आई, जब अबूझमाड़ के पदमकोट गांव से युवा गजानंद वड्डे लाइसेंस बनवाने पहुंचा। गजानंद ने बताया कि उसके गांव में वर्षों तक नक्सलियों का प्रभाव इतना गहरा था कि लोग सरकारी योजनाओं से दूर रहते थे।

गांव में मोबाइल रखने, पहचान पत्र बनवाने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में शामिल होने पर नक्सलीयों द्वारा रोक जैसी स्थिति थी। गजानंद ने बताया कि गांव में पुलिस कैंप खुलने के बाद हालात बदलने लगे हैं। अब ग्रामीणों में डर कम हुआ है और लोग सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने गांव का पहला युवा है, जिसके पास मोटरसाइकिल है और अब वह उसका वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने जिला मुख्यालय पहुंचा है।

लाइसेंस बनवाने आत्मसमर्पित नक्सली भी पहुंचे शिविर
शिविर में एक और भावुक तस्वीर तब देखने को मिली, जब 10 से अधिक आत्मसमर्पित नक्सली भी लाइसेंस बनवाने पहुंचे। इनमें आत्मसमर्पित नक्सली अरब भी शामिल था। उन्होंने बताया कि शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर उसने हथियार छोड़ मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। पहले जंगल और हिंसा की जिंदगी के अलावा कोई रास्ता नजर नहीं आता था, लेकिन आत्मसमर्पण के बाद शासन की योजनाओं का लाभ मिलने लगा। उसे रोजगार उपलब्ध कराया गया, जिससे उसने मोटरसाइकिल खरीदी और अब वह कानूनी रूप से वाहन चलाने के लिए लाइसेंस बनवा रहा है।

अलग-अलग इलाकों में लगाए जाएंगे शिविर : एसपी
एक समय ऐसा था जब नक्सली संगठन युवाओं के हाथों में हथियार थमाते थे, लेकिन अब वही युवा रोजगार, पहचान और सामान्य जीवन की ओर लौटते दिखाई दे रहे हैं। नारायणपुर एसपी रॉबिंसन गुड़िया ने बताया कि माड़ मैत्री अभियान के तहत लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में शिविर लगाए जा रहे हैं। जिला मुख्यालय में आयोजित इस शिविर में अबूझमाड़ के कई गांवों से ग्रामीण पहुंचे हैं। 300 से अधिक लोग ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने आए हैं। एसपी ने कहा कि कई ऐसे ग्रामीण भी शिविर में पहुंचे हैं, जिनके गांव में पहली बार किसी व्यक्ति का ड्राइविंग लाइसेंस बनने जा रहा है। आने वाले समय में भी ऐसे शिविर अलग-अलग इलाकों में लगाए जाएंगे, ताकि दूरस्थ गांवों के लोग शासन की सुविधाओं और कानूनी प्रक्रियाओं से जुड़ सकें।

रायपुर कोर्ट परिसर में चाकू लेकर पहुंचे 2 युवक गिरफ्तार, पुलिस के चेकिंग अभियान में 8 संदिग्ध भी पकड़े गए

रायपुर.

राजधानी रायपुर के न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने शुक्रवार को बड़ा आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। यह विशेष अभियान न्यायालय की अनुमति से डीसीपी सेंट्रल जोन एवं क्राइम के निर्देश पर संचालित किया गया।

अभियान में मध्य जोन के विभिन्न थानों का स्टाफ, एसीसीयू, पुलिस लाइन के 100 से अधिक जवान और बीडीएस टीम शामिल रही। पुलिस ने न्यायालय परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए व्यापक तलाशी अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान परिसर में संदिग्ध रूप से घूमते और उपद्रव की आशंका वाले 6 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में कार्रवाई के बाद एसीपी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इन लोगों पर हुई कार्रवाई –

  • आशुतोष साहू उर्फ अमन, निवासी दलदल सिवनी
  • विराज सेन्द्रे, निवासी आमापारा
  • भुवनेश्वर चौधरी उर्फ बिट्टू, निवासी न्यू राजेन्द्र नगर
  • गोलू नेताम उर्फ कामता, निवासी कुशालपुर
  • पवन कोसरिया, निवासी खरोरा
  • दुन्नो कुल्हरिया, निवासी न्यू राजेन्द्र नगर

दो युवकों को चाकू के साथ किया गया गिरफ्तार
अभियान के दौरान दो युवकों के पास से अवैध चाकू भी बरामद किए गए। पुलिस ने मयंक सोनी और विनोद सारथी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1-1 चाकू जब्त किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक न्यायालय परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगे भी इस तरह के विशेष चेकिंग अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

अमर शहीद सुखदेव की जयंती पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि

अमर शहीद सुखदेव की जयंती पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि

रायपुर
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के प्रखर नायक और महान क्रांतिकारी अमर शहीद सुखदेव थापर जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया है।

साहस और त्याग के अद्वितीय प्रतीक

          शहीद सुखदेव जी के बलिदान को याद करते हुए चौधरी ने कहा कि माँ भारती की स्वतंत्रता के लिए सुखदेव जी ने हँसते-हँसते अपने प्राणों की आहुति दे दी। उनका जीवन देशभक्ति, अदम्य साहस और त्याग का एक कालजयी उदाहरण है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उन्होंने भगत सिंह और राजगुरु जैसे साथियों के साथ जिस निडरता और अटूट समर्पण का परिचय दिया, वह आज भी भारत के हर युवा के हृदय में राष्ट्रप्रेम की अलख जगाता है।

         ओ.पी. चौधरी ने कहा कि शहीद सुखदेव जी का बलिदान केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि हमारे राष्ट्र के गौरवशाली अस्तित्व की नींव है। उनकी वीरता हमें राष्ट्र निर्माण के प्रति सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा देती है।

मैनपावर सप्लाई घोटाले में Anwar Dhebar को झटका, हाईकोर्ट ने जमानत याचिका खारिज की

बिलासपुर.

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने मैनपावर सप्लाई घोटाले में आरोपी अनवर ढेबर की जमानत याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि आर्थिक अपराध सामान्य अपराध नहीं होते, बल्कि ये समाज और देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाली सुनियोजित साजिश होते हैं।

मामला CSMCL में कर्मचारियों के ओवरटाइम भुगतान में गड़बड़ी से जुड़ा है। ED की जांच में 28.80 लाख रुपए नकद मिले थे। आरोप है कि कर्मचारियों के ओवरटाइम के पैसे में भ्रष्टाचार किया गया। जांच के आधार पर ACB ने धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार का केस दर्ज किया है। अनवर ढेबर पर आरोप है कि उन्होंने अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर CSMCL के कामकाज और पैसों के फैसलों में दखल दिया। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, संस्था को मैनपावर सप्लाई करने वाली निजी एजेंसियों के बिल तब तक पास नहीं किए जाते थे, जब तक वे तय रकम कमीशन के रूप में नहीं देती थीं। शुरुआत में कमीशन तय दर पर लिया जाता था, लेकिन बाद में अनवर ढेबर के निर्देश पर इसे बढ़ाकर बिल राशि का एक-तिहाई या उससे ज्यादा कर दिया गया। आरोप है कि चुनाव के नाम पर अवैध वसूली और बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए थे।

इस मामले में निगम के तत्कालीन अधिकारियों और कुछ निजी लोगों पर पैसे पहुंचाने वाले माध्यम के तौर पर काम करने का आरोप है। वे एजेंसियों से रकम लेकर अनवर ढेबर तक पहुंचाते थे। ED ने 29 नवंबर 2023 को ट्रैप कार्रवाई के दौरान ईगल हंटर सॉल्यूशंस एजेंसी के कर्मचारियों को 28.80 लाख रुपए की रिश्वत देते हुए पकड़ा था। इसी कार्रवाई में मिले सबूतों के आधार पर अनवर ढेबर को 23 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया। अनवर ढेबर ने इस मामले में जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका में कहा गया कि यह कस्टडी का एवरग्रीनिंग है। उन्हें राजनीतिक द्वेष के चलते फंसाया गया है। यह भी कहा गया कि एक ही मामले में बार-बार अलग-अलग एफआईआर दर्ज की जा रही हैं, ताकि याचिकाकर्ता को जेल से बाहर आने का मौका न मिले।

हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि ऐसे मामलों में केवल इसलिए राहत नहीं दी जा सकती, क्योंकि आरोपी प्रभावशाली है या सीधे तौर पर धन की वसूली उसके पास से नहीं हुई है। जब मामला जनता के पैसे और सरकारी खजाने की लूट से जुड़ा हो, तो कोर्ट को अलर्ट रहना चाहिए। ऐसे घोटाले न केवल देश के आर्थिक ढांचे को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि सरकारी व्यवस्था में जनता के विश्वास को भी चोट पहुंचाते हैं। कोर्ट ने ढेबर को इस मामले का मुख्य साजिशकर्ता और फायदा लेने वाला बताया है।

छत्तीसगढ़ में मौसम का कहर! कई जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी

रायपुर
 छत्तीसगढ़ में रायपुर समेत तीन जिलों में गुरुवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में गरज-चमक और बारिश की चेतावनी  है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने प्रदेश के कई जिलों के लिए विशेष मौसम अलर्ट जारी किया है।

जारी चेतावनी के अनुसार रायपुर, बलौदाबाजार और महासमुंद जिलों में मध्यम स्तर के गरज-चमक वाले तूफान, तेज झोंकेदार हवाएं, बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, बेमेतरा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सुकमा और रायगढ़ जिलों में हल्की गरज-चमक, बारिश तथा सतही तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।    

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं, खेतों में काम कर रहे किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि बिजली गिरने की घटनाएं जानलेवा साबित हो सकती हैं। यह अलर्ट आज यानी 15 मई रात 02:30 बजे तक प्रभावी रहेगा।

10 राज्यों में तेज बारिश और तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग ने देश के 10 राज्यों के लिए भारी बारिश और आंधी-तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान में पहले ही बारिश का रेड अलर्ट जारी किया जा चुका है।

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में 15 मई को बारिश की संभावना है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी 15 और 16 मई को मौसम खराब रह सकता है। इन राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की आशंका जताई गई है।

मध्य प्रदेश में दोहरा मौसम 
मध्य प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। कुछ जिलों में लू चलेगी तो कुछ हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। छतरपुर के खजुराहो में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है।

वहीं पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पश्चिमी मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से को हीट जोन घोषित करते हुए अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज 
छत्तीसगढ़ में भी मौसम का दोहरा असर दिखाई देगा। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, नारायणपुर, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, बलौदाबाजार, जांजगीर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और सूरजपुर में मौसम बिगड़ने के आसार हैं।

इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली के खंभों या पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है।

प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना भी जताई गई है।

यूपी में बढ़ेगी गर्मी, कई जिलों में लू का असर 
उत्तर प्रदेश में मौसम का दोहरा असर देखने को मिलेगा। कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कई जिलों में भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान करेगी। मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 मई को लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर और वाराणसी समेत कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है।

वेस्टर्न यूपी के कई इलाकों में लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। एक दिन पहले आए भीषण आंधी-तूफान और बारिश के कारण 100 से अधिक लोगों की जान चली गई थी।

पूर्वोत्तर भारत में लगातार बारिश
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार मणिपुर, नगालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 मई तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं असम और मेघालय में 18 मई तक मौसम खराब बना रह सकता है। इन राज्यों में लगातार हो रही बारिश के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने के कारण दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु के कोयंबटूर और नीलगिरि जिलों में 15 मई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। केरल में 15 से 17 मई तक बारिश होने की संभावना है। वहीं कर्नाटक, पुडुचेरी और कराईकल में भी 18 मई तक बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।

बिहार में धूलभरी आंधी का खतरा
बिहार में भी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। पटना और गया समेत कई शहरों में तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। शाम के समय कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में धूलभरी आंधी चलने की चेतावनी जारी की है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

कचना ओवरब्रिज निरीक्षण के दौरान सख्त दिखे Arun Sao, बोले- गुणवत्ता में लापरवाही हुई तो अधिकारियों पर गिरेगी गाज

रायपुर.

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने आज रायपुर में खम्हारडीह-कचना रेल्वे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के अंतिम चरण के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को ओवरब्रिज का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ओवरब्रिज पर पैदल चलकर अधिकारियों से इसके तकनीकी मानकों की जानकारी ली और यहां लाइटिंग के लिए अच्छी गुणवत्ता के पोल्स और लाइट्स का उपयोग करने कहा। साथ ही गुणवत्ता में लापरवाही मिलने पर सबसे पहले जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी और सेतु संभाग के मुख्य अभियंता एसके कोरी भी मौजूद थे। उप मुख्यमंत्री साव ने कचना ओवरब्रिज के निरीक्षण के बाद कहा कि इसका 96 प्रतिशत काम पूर्ण कर लिया गया है।

थोड़े से बचे कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कर इसे यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। इस ओवरब्रिज के चालू होने से रायपुर शहर और आसपास के गांवों के हजारों लोगों को ट्रैफिक-जॉम और रेलवे फाटक के बंद होने के कारण यातायात बाधित होने की समस्या से मुक्ति मिलेगी। डिप्टी सीएम साव ने कहा कि राज्य शासन लगातार राजधानी के यातायात को सुदृढ़, व्यवस्थित और तेज करने में लगी हुई है। कचना का यह ओवर-ब्रिज भी इसमें काफी महत्वपूर्ण है, जो अब लगभग पूर्णता की ओर है। इस सड़क से आना-जाना करने वालों के लिए यह बहुप्रतीक्षित ओवर-ब्रिज जल्द ही खोल दिया जाएगा।

49 करोड़ की लागत से बन रहा ओवरब्रिज
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रायपुर-वाल्टेयर रेलवे लाइन पर खम्हारडीह और कचना के बीच करीब 49 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन इस रेलवे ओवर-ब्रिज का 96 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। पुल के मध्य के रेलवे वाले भाग के साथ ही दोनों छोरों पर पुल एवं पहुंच मार्ग का काम पूर्ण कर लिया गया है। अभी पेंटिंग एवं फिनिशिंग का कार्य प्रगति पर है। इनके पूर्ण होते ही नाली निर्माण और लाइटिंग का काम तत्परता से प्रारंभ किया जाएगा। इस ओवर-ब्रिज के शुरू हो जाने से इस रूट का यातायात व्यवस्थित और तेज होगा।

छत्तीसगढ़ ओपन स्कूल का रिजल्ट जारी, शिक्षा मंत्री Gajendra Yadav ने किया ऐलान

रायपुर.

छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल द्वारा 14 मई को आधिकारिक वेबसाइट पर क्लास 10 और 12 के नतीजे अपलोड कर दिए गए हैं। छात्र जिसने हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी की परीक्षा दी थी, वे अब अपना रिजल्ट आसानी से देख सकते हैं। कक्षा 10वीं और 12वीं का  रिजल्ट लिंक sos.cg.nic.in पर उपलब्ध है। छात्र रोल नंबर का उपयोग करके परिणाम को एक्सेस कर सकते हैं।

सीजी ओपन स्कूल रिजल्ट की घोषणा स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने महानदी भवन से की। इस मौके पर वहां माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष रेणु जी पिल्लई, सचिव पुष्पा साहू और छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद भी थे। हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षा (मार्च–अप्रैल 2026) का रिजल्ट लिंक ऑफिशियल साइट पर एक्टिव कर दिया गया है। छात्र आधिकारिक पोर्टल से या इस लेख में नीचे दिए लिंक पर क्लिक कर आसानी से अपना स्कोर चेक कर सकते हैं।

छत्तीसगढ़ ओपन स्कूल रिजल्ट 2026- 10वीं और 12वीं परिणाम में लड़कियों का रहा दबदबा
सीजी बोर्ड 12वीं और 10वीं परीक्षा के परिणामों में इस बार लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा।  छात्र नीचे दी तालिका में सीजी बोर्ड 10वीं और 12वीं रिजल्ट के आंकड़े देख सकते हैं।

CG Open School 12th Result 2026  के आंकड़े
विवरण            संख्या / प्रतिशत
कुल रजिस्ट्रेशन 40,256
परीक्षा में शामिल विद्यार्थी 38,683
रोके गए परिणाम  40
घोषित परिणाम 34,961
कुल पास विद्यार्थी 24,823
कुल पास प्रतिशत 71%
प्रथम श्रेणी 9,594
द्वितीय श्रेणी 10,368
तृतीय श्रेणी 4,738
केवल पास श्रेणी 123
लड़कों का पास प्रतिशत 70.01%
लड़कियों का पास प्रतिशत 72.17%
आवेदन करने वाले लड़के 21,725
आवेदन करने वाली लड़कियां 18,531

CG Open School 10th Result 2026 के आंकड़े
विवरण            संख्या / प्रतिशत

कुल रजिस्ट्रेशन 33,693
परीक्षा में शामिल विद्यार्थी 31,852
रोके गए परिणाम 39
घोषित परिणाम 31,813
कुल पास विद्यार्थी 18,578
कुल पास प्रतिशत 58.39%
प्रथम श्रेणी 5,874
द्वितीय श्रेणी 7,700
तृतीय श्रेणी 4,947
केवल पास श्रेणी 57
लड़कों का पास प्रतिशत 57.43%
लड़कियों का पास प्रतिशत 59.82%
रजिस्ट्रेशन कराने वाले लड़के 20,163
रजिस्ट्रेशन कराने वाली लड़कियां 13,530

पेट्रोल-डीजल को लेकर घबराने की जरूरत नहीं: Vishnu Deo Sai बोले- छत्तीसगढ़ में भरपूर स्टॉक मौजूद

रायपुर.

राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफरा-तफरी मची हुई है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनता से पैनिक न होने की अपील की है। दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मीडिया से चर्चा कर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल को लेकर पैनिक की स्थिति देखने को मिल रही है, जिसके चलते कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई हैं और कुछ पंप अस्थायी रूप से बंद भी हुए हैं।

छत्तीसगढ़ में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। प्रदेशवासियों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। प्रदेश के सभी ऑयल डिपो में नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति हो रही है और वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। प्रदेश सरकार एवं ऑयल कंपनियां पूर्ण समन्वय के साथ स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। सीएम साय ने कहा, वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भी भारत सरकार ने प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि वे अनावश्यक खरीदारी एवं संग्रहण से बचें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। मैं प्रदेशवासियों से भी आग्रह करता हूं कि संयम, जागरूकता और जिम्मेदारी का परिचय दें। केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लें और किसी भी भ्रामक सूचना से दूर रहें। आपकी सजगता, संयम और सहयोग से छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की ईंधन व्यवस्था निरंतर सुचारू बनी रहेगी। आइए हम सभी मिलकर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। संयम, सहयोग और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्रहित में अपना योगदान सुनिश्चित करें।

पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक-
छत्तीसगढ़ में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। प्रदेशवासियों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
प्रदेश के सभी ऑयल डिपो में नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति हो रही है और वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। प्रदेश सरकार एवं ऑयल कंपनियां…

– Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) May 14, 2026

अमित शाह को दी गई योजनाओं की जानकारी
दिल्ली प्रवास को लेकर मुख्यमंत्री साय ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। गृहमंत्री की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री ने बस्तर में चलाए जा रहे मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है। जरूरतमंदों का इलाज और रेफरल भी किया जा रहा है। अब तक करीब 70 हजार लोगों तक टीम पहुंच चुकी है। लक्ष्य पूरे 36 लाख लोगों तक पहुंचने का है।

बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक होना सौभाग्य का विषय
उन्होंने कहा कि अग्रणी बस्तर कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां ग्रामीणों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। इन सभी योजनाओं की जानकारी केंद्रीय गृहमंत्री को दी गई है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इस बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक बस्तर में आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और छत्तीसगढ़ शामिल होंगे। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य का विषय बताया।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu