डीएमएफ से बदली खनन प्रभावित गांवों की तस्वीर, 181 लाख की सड़क ने विकास को दी रफ्तार

डीएमएफ से बदली खनन प्रभावित गांवों की तस्वीर, 181 लाख की सड़क ने विकास को दी रफ्तार

मुढ़ापार-धतूरा-कोरबी-खम्हरिया मार्ग का 4.40 किमी नवीनीकरण

डीएमएफ से 180.93 लाख रुपये की लागत से हुआ निर्माण

शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिला बड़ा संबल

रायपुर,
खनन प्रभावित क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) निधि का प्रभावी उपयोग प्रदेश में बदलाव की नई मिसाल बन रहा है। कोरबा जिले में डीएमएफ से निर्मित मुढ़ापार-धतूरा-कोरबी-खम्हरि या सड़क ने वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या दूर कर हजारों ग्रामीणों के जीवन को आसान बना दिया है।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की सुनियोजित कार्ययोजना के तहत डीएमएफ मद से 180.93 लाख रुपये की लागत से 4.40 किलोमीटर लंबी सड़क का नवीनीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया गया। 15 अप्रैल 2026 को निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब क्षेत्र के ग्रामीणों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल रही है।
पहले बरसात के दौरान सड़क कीचड़ और जलभराव से भर जाती थी, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई, मरीजों का उपचार, किसानों की उपज का परिवहन और ग्रामीणों की दैनिक गतिविधियां प्रभावित होती थीं। अब बेहतर सड़क संपर्क से स्कूल, अस्पताल और बाजार तक पहुंच आसान होने के साथ किसानों को अपनी उपज समय पर बाजार तक पहुंचाने में भी सुविधा मिल रही है।
यह सड़क केवल आवागमन का माध्यम नहीं बनी, बल्कि खनन प्रभावित गांवों के सामाजिक और आर्थिक विकास की नई आधारशिला साबित हुई है। बेहतर संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच बढ़ी है, जिससे क्षेत्र में विकास की नई गति दिखाई दे रही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और डीएमएफ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी समस्या के समाधान से उनके जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है। यह परियोजना इस बात का उदाहरण है कि डीएमएफ निधि का योजनाबद्ध और जनहितकारी उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

दुर्ग जिले में बनेगा भारत का पहला संविधान थीम पार्क, लोकतांत्रिक मूल्यों से रूबरू होंगे लोग

भिलाई नगर.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर दुर्ग जिले में एक ऐतिहासिक और महत्वाकांक्षी परियोजना शुरू की जा रही है। जिले में करीब 10 एकड़ भूमि पर देश का पहला संविधान थीम पार्क विकसित किया जाएगा, जो भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की भावना को समर्पित होगा।

इस अनूठी परियोजना का सबसे बड़ा आकर्षण भारत के संविधान की देश की सबसे विशाल प्रतिकृति होगी। इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक विशेष पहचान दिलाने की योजना बनाई गई है। प्रस्तावित थीम पार्क केवल एक स्मारक नहीं होगा, बल्कि भारतीय लोकतंत्र, संविधानिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का जीवंत केंद्र बनेगा। संविधान थीम पार्क में 100 फीट ऊंचे अशोक स्तंभ का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन और योगदान पर आधारित अत्याधुनिक डिजिटल गैलरी भी विकसित की जाएगी, जहां उनके संघर्ष, विचारों और संविधान निर्माण में निभाई गई भूमिका को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।

परियोजना के तहत 3डी होलोग्राम और डिजिटल संविधान संग्रहालय की स्थापना भी की जाएगी, जहां आगंतुक संविधान के इतिहास, विकास और उसके महत्वपूर्ण प्रावधानों को इंटरैक्टिव माध्यम से समझ सकेंगे। इसके अलावा संविधान अध्ययन एवं शोध केंद्र की स्थापना कर विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षाविदों को अध्ययन एवं अनुसंधान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। युवाओं और विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष प्रेरणा केंद्र भी विकसित किया जाएगा। पार्क में आधुनिक पर्यटन सुविधाएं, सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए विशेष परिसर तथा आगंतुकों के लिए आकर्षक व्यवस्थाएं भी उपलब्ध होंगी।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना को देश में संविधान जागरूकता, लोकतांत्रिक शिक्षा और सांस्कृतिक पर्यटन के एक नए केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। माना जा रहा है कि इसके निर्माण से दुर्ग जिला राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान स्थापित करेगा और बड़ी संख्या में पर्यटकों, विद्यार्थियों तथा शोधकर्ताओं को आकर्षित करेगा।

धमतरी स्कूल में शराब की टूटी बोतल से घायल हुआ छात्र, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, कार्रवाई की मांग

धमतरी.

जिले के कोलियारी स्थित शासकीय प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल असामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुका है। इसका जीता जागता उदाहरण तब देखने को मिला, जब स्कूल का एक मासूम शराब की टूटी हुई बोतल की चपेट में आकर लहूलुहान हो गया।

इस मामले में कार्रवाई नहीं होने और लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की है। कलेक्टर ने इसे बेहद गंभीर विषय बताते हुए स्कूल प्रिंसिपल को शोकॉज नोटिस जारी करने की बात कही है।
बताया जा रहा है कि पिछले कई सालों से कोलियारी के इस स्कूल परिसर में असामाजिक तत्वों का कब्जा सा हो गया है। दिन ढलते ही यहां मदिरापान का दौर चलता है चोरी के साथ ही तोड़फोड़ की घटनाएं आम हो चुकी हैं। शराब की खाली बोतलें और टूटे कांच स्कूल कैंपस में बिखरे रहते हैं, जिसकी चपेट में आकर एक बच्चा घायल हो गया।

अभिभावकों और ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल के प्रिंसिपल ने इस गंभीर मामले पर न तो कोई कार्रवाई की और न ही अपना पक्ष रखने के लिए सामने आए हैं। इस लापरवाही से अब अभिभावकों और ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया है। ग्रामीणों ने खुलकर अपना आक्रोश जाहिर किया है और स्कूल में बढ़ रहे इन अत्याचारों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, पूरे मामले के तूल पकड़ने के बाद अब प्रशासन हरकत में आया है। कलेक्टर ने इसे बेहद गंभीर विषय बताते हुए स्कूल प्रिंसिपल को शोकॉज नोटिस जारी करने की बात कही है। अब देखना यह होगा कि क्या प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद स्कूल का माहौल सुरक्षित हो पाएगा या फिर मासूमों का भविष्य इसी तरह दांव पर लगा रहेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर अवैध खनिज उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर अवैध खनिज उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

राजनांदगांव, बालोद, बलरामपुर और सरगुजा में ताबड़तोड़ अभियान, वाहन जब्त और लाखों रुपये का अर्थदंड

रायपुर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रदेश में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा सख्त और सतत अभियान चलाया जा रहा है। शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विभिन्न जिलों में संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रेत, पत्थर, मिट्टी एवं गिट्टी के उत्खनन और परिवहन में संलिप्त वाहनों को जब्त किया गया है तथा नियमानुसार अर्थदंड एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। शासन का उद्देश्य प्रदेश के खनिज संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित करना तथा अवैध उत्खनन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करना है।

इसी क्रम में राजनांदगांव जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अब तक अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के 52 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 18 लाख 95 हजार 600 रुपये का अर्थदंड वसूला गया है। इनमें अवैध उत्खनन के 9, परिवहन के 41 तथा भंडारण के 2 प्रकरण शामिल हैं। वहीं डोंगरगढ़ तहसील के ग्राम आसरा में आकस्मिक निरीक्षण के दौरान नदी में रेत उत्खनन प्रतिबंधित पाया गया तथा मौके पर कोई अवैध गतिविधि नहीं मिली।

बालोद जिले के ग्राम कसही में अवैध पत्थर उत्खनन करते पाए जाने पर एक चेन माउंटेन (पीसी-130-7) मशीन को जब्त कर सील किया गया। संबंधित पक्ष वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत कार्रवाई प्रारंभ की गई है।

बलरामपुर जिले में खनिज विभाग ने राजपुर क्षेत्र के ग्राम नरसिंहपुर और बसंतपुर में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में संलिप्त एक टिपर जब्त किया। वहीं बसंतपुर स्थित फ्लाई ऐश ब्रिक्स इकाई में अवैध रूप से भंडारित लगभग 90 घनमीटर रेत भी जब्त कर संचालक को नोटिस जारी किया गया।

सरगुजा जिले में शिकायतों के आधार पर विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध मिट्टी, मुरूम, रेत एवं गिट्टी के उत्खनन और परिवहन में प्रयुक्त जेसीबी, ट्रैक्टर और टिपर सहित छह वाहनों को जब्त किया गया। सभी मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा संशोधित छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत कार्रवाई की जा रही है। संशोधित नियमों के अनुसार अब शमन शुल्क न्यूनतम 25 हजार रुपये अथवा 2 हजार रुपये प्रति टन, जो अधिक होगा, के आधार पर वसूला जाएगा। इसके अतिरिक्त खनिज का बाजार मूल्य भी वसूला जाएगा।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित गश्त, आकस्मिक निरीक्षण और संयुक्त प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

भोपाल-जेवर फ्लाइट सेवा शुरू, वाटर सैल्यूट से हुआ स्वागत; पहले दिन यात्रियों का मिला ठंडा रिस्पॉन्स

भोपाल
 भोपाल से नोएडा के जेवर एयरपोर्ट तक सीधी उड़ान बुधवार से शुरू हो गई। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने वाटर सैल्यूट से उड़ान का स्वागत किया। यात्रियों को इस उड़ान का काफी समय से इंतजार था, लेकिन पहले दिन उड़ान को उम्मीद से कम यात्री मिले।

उड़ान से मात्र नौ यात्री नोएडा से भोपाल पहुंचे। भोपाल से 36 यात्री रवाना हुए। इस रूट पर इंडिगो ने उड़ान प्रारंभ की है।

कंपनी की पहली उड़ान संख्या 6-ई 7653 बुधवार को निर्धारित समय शाम 6.50 बजे राजा भोज एयरपोर्ट पर लैंड हुई।

एयरपोर्ट अथॉरिटी किसी नए शहर तक हवाई कनेक्शन जुड़ने पर वाटर सैल्यूट से विमान का स्वागत करती है।

इसी परंपरा के अनुरूप विमान पर फायर ब्रिगेड की दमकलों ने स्वागत किया। इस रूट पर 72 सीटों वाला विमान चला रही है।

सीधी उड़ान शुरू होने से दिल्ली एनसीआर में आने वाले गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, मेरठ एवं बुलंदशहर आदि जाने वाले हवाई यात्रियों को सुविधा होगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस उड़ान में यात्रियों की संख्या बढ़ेगी।

 

6 जुलाई को खानूगांव में होगी बाढ़ प्रबंधन की मॉकड्रिल

6 जुलाई को खानूगांव में होगी बाढ़ प्रबंधन की मॉकड्रिल

मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा; जलभराव रोकने, संवेदनशील जलस्रोतों की सुरक्षा और कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी सुनिश्चित करने के निर्देश

कलेक्टर मिश्रा के निर्देशन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक सम्पन्न

भोपाल

 कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।   बैठक में अपर कलेक्टर सुमित पांडे ने आगामी मानसून को दृष्टिगत रखते हुए संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करने तथा आपदा प्रबंधन संबंधी निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

  बैठक में बताया गया कि 6 जुलाई को खानूगांव में बाढ़ प्रबंधन की मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। अपर कलेक्टर पांडे ने मॉक ड्रिल के सफल एवं प्रभावी संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अभ्यास आपदा की वास्तविक परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी राहत-बचाव कार्य सुनिश्चित करने के साथ-साथ विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जलभराव रोकने के लिए ड्रेनेज सिस्टम की विशेष सफाई के निर्देश

  अपर कलेक्टर पांडे ने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संभावित जलभराव की स्थिति से बचाव के लिए ड्रेनेज सिस्टम तथा प्रमुख नालों की युद्धस्तर पर सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, नाव, लाइफ जैकेट तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की अग्रिम उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही नगर निगम एवं एसडीआरएफ की बचाव टीमों को संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संसाधनों सहित तैनात रखने तथा सभी नियंत्रण कक्षों को 24×7 सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए।

जलस्रोतों पर सुरक्षा जाली और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं

    वर्षाकाल में पर्यटकों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपर कलेक्टर ने केरवा डैम,कलियासोत, अमरगढ़, महादेव पानी सहित जिले के अन्य संवेदनशील जलस्रोतों एवं पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। 

 उन्होंने गहरी खाइयों एवं जलस्रोतों के समीप सुरक्षा जाली लगाने, चेतावनी सूचक बोर्ड स्थापित करने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वर्षाकाल में जलस्रोतों पर विशेष सावधानी बरतें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। 

हर एसडीएम अपने क्षेत्र में गठित करेंगे आपदा प्रबंधन टीम

       बैठक में सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में समर्पित आपदा प्रबंधन टीमों का गठन करें तथा विभागों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष तक पहुंचाई जाए, ताकि न्यूनतम रिस्पॉन्स टाइम के साथ राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया जा सके।
जर्जर भवनों, बंद खदानों और कोचिंग संस्थानों पर विशेष निगरानी जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपर कलेक्टर पांडे ने नगरीय निकायों को जिले के जर्जर एवं खतरनाक भवनों की सूची तैयार कर आवश्यकतानुसार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बंद पड़ी खदानों के चारों ओर सुरक्षित फेंसिंग कराने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा।

       बैठक में कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अपर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी कोचिंग संस्थानों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा फायर सेफ्टी मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

             बैठक में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, नगर निगम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

इनर व्हील क्लब मुरैना ने डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों का किया सम्मान, नई कार्यकारिणी का भी हुआ परिचय

इनर व्हील क्लब मुरैना ने डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों का किया सम्मान, नई कार्यकारिणी का भी हुआ परिचय

मुरैना
 इनर व्हील क्लब मुरैना द्वारा राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे) के अवसर पर शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों को सम्मानित कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर क्लब की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी का भी परिचय कराया गया। नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष श्रीमती प्रतीक्षा बांदिल, सचिव श्रीमती मीनाक्षी माहेश्वरी, कोषाध्यक्ष श्रीमती भावना मित्तल, आईएसओ डॉ. सुधा माहेश्वरी, सीसी श्रीमती रंजिता शिवहरे तथा संपादक श्रीमती आस्था मंगल को दायित्व सौंपा गया। कार्यक्रम में क्लब की संस्थापक अध्यक्ष श्रीमती करुणा जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
डॉक्टर्स डे के अवसर पर जिन चिकित्सकों का सम्मान किया गया उनमें डॉ. हेमा सिंघल, डॉ. मीरा प्रेमी, डॉ. सुधा माहेश्वरी, डॉ. ऋतु राठी, डॉ. अनुभव माहेश्वरी, डॉ. सरोज गुप्ता, डॉ. नीरज गुप्ता, डॉ. दीप्ति जैन, डॉ. मेघा गोयल तथा डॉ. दीक्षा गुप्ता शामिल रहे।
कार्यक्रम में क्लब की सदस्य श्रीमती पूजा मोदी, श्रीमती माधुरी मित्तल, श्रीमती मधु गुप्ता, श्रीमती राधिका माहेश्वरी, श्रीमती साक्षी गोयल, श्रीमती शिल्पी जैन, श्रीमती अंजलि जैन, श्रीमती शिल्पा बंसल, श्रीमती निशा शर्मा, श्रीमती पूजा मंगल एवं  श्रीमती भावना मंगल  सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सक मानव सेवा का सबसे उत्कृष्ट उदाहरण हैं। अपने ज्ञान, समर्पण और सेवा भावना से वे समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। क्लब ने सभी सम्मानित चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।

MP Weather: 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, आज उज्जैन और ग्वालियर-चंबल पहुंचेगा मानसून

भोपाल 

मध्य प्रदेश में मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। सागर और भोपाल संभाग के कई जिलों को कवर करने के बाद गुरुवार को इसके उज्जैन और ग्वालियर-चंबल संभाग तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन सहित 40 से ज्यादा जिलों में गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश हो सकती है। वहीं अशोकनगर, देवास, खंडवा, बैतूल, सागर, मंडला और डिंडौरी में भारी बारिश का यलो अलर्ट है।

गुरुवार को ही प्रदेश में अति भारी, भारी और तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। अगले 24 घंटे में यहां 4 से 8 इंच तक पानी गिर सकता है। वहीं, अशोकनगर, देवास, खंडवा, बैतूल, सागर, मंडला और डिंडौरी में भारी बारिश का यलो अलर्ट है।

भोपाल, इंदौर-उज्जैन में पानी गिरेगा मौसम विभाग ने भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, बैतूल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में गुरुवार को आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

बुधवार को इंदौर के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। वार्ड क्रमांक 80 में बारिश का पानी दुकानों में घुस गया, जबकि कई इलाकों की सड़कें जलमग्न हो गईं। बारिश के दौरान एक थार नाले में गिर गई। वाहन में पूरा परिवार सवार था। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मदद कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के अहीरखेड़ी-काकड़ इलाके में रपटा पार करते समय दो बाइक सवार तेज बहाव में बह गए। दोनों की उम्र 20 से 22 साल बताई जा रही है। इनमें मनीष को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि महेश तेज बहाव में लापता हो गया। पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर उसकी तलाश में जुटी है।

5 जुलाई तक रहेगा तेज बारिश का दौर
मौसम विभाग ने 5 जुलाई तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। 3 जुलाई को धार और बड़वानी तथा 4 जुलाई को खरगोन जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

जून में कमी, जुलाई से उम्मीद
प्रदेश में अब तक करीब 100.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से लगभग 28 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग का कहना है कि जून में बारिश अपेक्षा से कम रही, लेकिन जुलाई में मानसून के सक्रिय रहने से अच्छी बारिश होने की संभावना है। सामान्य तौर पर प्रदेश की कुल मानसूनी बारिश का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा जुलाई में ही दर्ज होता है। 

भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में बारिश के आसार
गुरुवार को भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित कई जिलों में बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। 

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा का उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने किया अभिनंदन

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा का उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने किया अभिनंदन

28वें एओएमएसआई मिड-टर्म कन्वेंशन एवं 14वें एओएमएसआई पोस्टग्रेजुएट कन्वेंशन—मिडकॉम्स 2026 में होंगे शामिल

भोपाल

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा का उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने गुरुवार को निवास कार्यालय, भोपाल में आत्मीय अभिनंदन किया। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. साहा और उप मुख्यमंत्री शुक्ल के मध्य विभिन्न समसामयिक विषयों और स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों को लेकर चर्चा हुई। इस अवसर पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती स्वप्ना साहा भी उपस्थित थीं। त्रिपुरा मुख्यमंत्री डॉ. साहा मध्यप्रदेश प्रवास पर हैं। मुख्यमंत्री डॉ. साहा भोपाल में आयोजित 28वें एओएमएसआई मिड-टर्म कन्वेंशन एवं 14वें एओएमएसआई पोस्टग्रेजुएट कन्वेंशन—मिडकॉम्स 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स ऑफ इंडिया, मध्यप्रदेश स्टेट चैप्टर तथा पीपुल्स यूनिवर्सिटी, भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में यह राष्ट्रीय सम्मेलन 2 से 4 जुलाई 2026 तक पीपुल्स यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन की थीम “क्रिएटिंग अ होलसम सर्जन” अर्थात “समग्र सर्जन का निर्माण” है। यह सम्मेलन ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी के क्षेत्र का प्रतिष्ठित राष्ट्रीय अकादमिक आयोजन है, जिसमें देश-विदेश के प्रख्यात विशेषज्ञ, वरिष्ठ चिकित्सक, चिकित्सा शिक्षक, शोधकर्ता तथा स्नातकोत्तर विद्यार्थी सहभागिता करेंगे। सम्मेलन में नवीनतम वैज्ञानिक अनुसंधान, आधुनिक तकनीकों, जटिल शल्य चिकित्सा प्रक्रियाओं तथा चिकित्सा शिक्षा के विविध आयामों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

 

केतन हत्याकांड पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली MP की डेंटिस्ट सस्पेंड, वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई

भोपाल

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड (Ketan Agarwal murder case) का मजाक उड़ाने को लेकर मध्य प्रदेश की डेंटिस्ट डॉ. मुस्कान सोनी को ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड सर्जन्स एसोसिएशन (AIDSA) ने पांच साल के लिए सस्पेंड कर दिया है। डॉ. मुस्कान ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से एक 19 सेकंड की एक वीडियो स्टोरी अपलोड की थी जिसमें उन्होंने ‘आई हेट मेन’ हैशटैग का इस्तेमाल कर मृतक केतन अग्रवाल का मजाक उड़ाया था। मुस्कान सोनी का वीडियो वायरल हो गया जिसके बाद उनकी सोशल मीडिया पर आलोचना और ट्रोलिंग शुरू हो गई। एआईडीएसए द्वारा सस्पेंड किए जाने के बाद मुस्कान ने दो वीडियो अपलोड किए जिनमें उन्होंने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी है।

डॉ मुस्कान ने स्टोरी में क्या बोला था?
डेंटिस्ट मुस्कान सोनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से कुछ दिन पहले एक वीडियो स्टोरी शेयर की थी। इस वीडियो में उन्होंने कहा था कि – पुणे का जो लड़का था उसके बाल नहीं थे। अब ऐसे झूठ बोलोगे तो मरोगे ही न। तो हैशटैग आई हेट मेन। मुस्कान ने इसके बाद वीडियो में हंसते हुए कहा कि दो आदमी क्या मर गए, मर्द समाज में डर फैल गया।’ मुस्कान का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होना शुरू हो गया। वीडियो वायरल होते ही लोगों ने डेंटिस्ट की आलोचना और उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया।

AIDSA ने लिया एक्शन, डेंटिस्ट पांच साल के लिए सस्पेंड
डॉ. मुस्कान के वीडियो पर ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड सर्जन्स एसोसिएशन (AIDSA) ने संज्ञान लिया। उन्होंने एक आदेश जारी कर डॉ. मुस्कान सोनी को AIDSA के सभी पदों और सदस्यता से सस्पेंड कर दिया है। सस्पेंशन ऑर्डर में AIDSA ने कहा कि ‘डॉ. मुस्कान सोनी को अनुशासनहीनता का काम करते हुए पाया गया है और उन्होंने मृतक केतन अग्रवाल के बारे में बहुत ही अनुचित, आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की है, जो AIDSA के संविधान, आचार संहिता और नैतिक मूल्यों का उल्लंघन है। यह सस्पेंशन जारी होने की तारीख से पांच साल तक प्रभावी रहेगा जब तक कि सक्षम अधिकारी द्वारा इसे संशोधित या रद्द नहीं किया जाता।’

वीडियो बनाकर मांगी माफी
सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के बाद मुस्कान सोनी ने 4 मिनट 45 सेकंड की वीडियो अपलोड किया। इस वीडियो में मुस्कान ने केतन हत्याकांड पर की गई अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी और अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि- मैंने जो स्टोरी पोस्ट की थी उसके लिए माफी मांगती हूं। मैं अपने द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्दों के लिए माफी मांगती हूं। मुस्कान ने आगे मामले में सफाई देते हुए कहा कि ‘जिस दिन केतन अग्रवाल का केस सामने आया था उस दिन मैंने स्टोरी लगाकर कहा था कि ऐसी घटना किसी भी मासूम व्यक्ति के साथ नहीं होनी चाहिए।’ मुस्कान ने आगे बताया कि ‘मेरी इस स्टोरी के बाद मुझे कई पुरुषों ने कमेंट और मैसेज कर कहा था कि बस मैंने ही उनका(मर्दों) स्टैंड लिया। इसीलिए आप जो देखते हो वो हमेशा सच नहीं हो सकता।’ इसके बाद डॉ. मुस्कान ने एक और वीडियो अपलोड किया जिसमे उन्होंने सोशल मीडिया पर हो रही उनकी ट्रोलिंग को लेकर आपत्ति दर्ज की।

क्या है केतन मर्डर केस
जानकारी के लिए बता दें कि बीते दिनों महाराष्ट्र के पुणे में 26 साल के रियल एस्टेट बिजनसमैन केतन अग्रवाल की उसकी 20 साल की मंगेतर सिया गोयल ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। राजा रघुवंशी हत्याकांड की तरह यहां भी केतन को घूमने के बहाने से लोहगड़ किले के पास से उसे धक्का दे दिया गया जिससे उसकी जान चली गई। राजा की मां ने मामले पर बात करते हुए कहा कि ‘लड़कियों को ऐसा कदम उठाने की हिम्मत आखिर कहा से आ रही है। सोनम ने भी हनीमून के दौरान राजा को खाई से गिरा दिया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu